लखनऊ-उन्नाव में ED की कार्रवाई, Lamborghini, Mercedes और BMW समेत पांच लग्जरी वाहन जब्त
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने फैंटेसी क्रिकेट से जुड़े यूट्यूबर अनुराग द्विवेदी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। ED की टीम ने उन्नाव और लखनऊ में स्थित उनके ठिकानों पर छापेमारी कर करोड़ों रुपये कीमत की पांच लग्जरी कारें जब्त की हैं। जब्त किए गए वाहनों में Lamborghini, Mercedes-Benz और BMW जैसी महंगी गाड़ियां शामिल हैं।
सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम कानून (PMLA) के तहत की गई है। छापेमारी के दौरान ED को कई अहम दस्तावेज, बैंक लेन-देन से जुड़े कागजात और डिजिटल रिकॉर्ड भी मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
बताया जा रहा है कि अनुराग द्विवेदी फैंटेसी क्रिकेट प्लेटफॉर्म से जुड़े कंटेंट के जरिए सोशल मीडिया पर काफी लोकप्रिय हैं। जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि उनकी आय के स्रोत क्या हैं और क्या इसमें किसी तरह का अवैध लेन-देन या ऑनलाइन सट्टेबाजी से जुड़ा नेटवर्क शामिल है।
ED के अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में बड़े पैमाने पर वित्तीय लेन-देन के संकेत मिले हैं। इसी आधार पर वाहनों को जब्त किया गया है और मामले की विस्तृत जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
फिलहाल एजेंसी अनुराग द्विवेदी और उनसे जुड़े अन्य लोगों से पूछताछ की तैयारी कर रही है। मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।