यूपी में ठंड से राहत की उम्मीद: उत्तर प्रदेश में ठंड का प्रकोप अब धीरे-धीरे कम होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अगले 48 घंटों में प्रदेश का तापमान 2-4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। इससे शीतलहर का असर कम होगा और लोगों को ठंड से राहत मिलेगी।
लखनऊ में हालात: राजधानी लखनऊ (Lucknow) में न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से लगभग 1.4 डिग्री कम है। 19 जनवरी की सुबह लखनऊ के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश भी हुई, जिसने मौसम को और ठंडा कर दिया।
पश्चिमी विक्षोभ से बढ़ सकता तापमान: वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण प्रदेश के मध्य और पूर्वी हिस्सों में रात के तापमान में गिरावट थम जाएगी। हरदोई, अमेठी, अयोध्या और बाराबंकी जैसे जिलों में पिछले कुछ दिनों से आंशिक शीतलहर देखी गई, लेकिन हवाओं की दिशा बदलने से अगले 24-48 घंटों में तापमान 4 डिग्री तक बढ़ सकता है।
कोहरे में कमी और बारिश की संभावना: प्रदेश में 20 जनवरी के बाद धीरे-धीरे कोहरा कम होने की संभावना है। इसके बाद 22 जनवरी से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश शुरू होने की संभावना है। बारिश एक-दो दिन तक जारी रह सकती है, जिससे ठंड से राहत मिलेगी।
आज घना कोहरा: मौसम विभाग के अनुसार सोमवार सुबह शाहजहांपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, अंबेडकर नगर, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, बरेली, पीलीभीत और आसपास के क्षेत्रों में घना कोहरा रहने का अनुमान है।
प्रदेश में सबसे ठंडा शहर: हरदोई प्रदेश का सबसे ठंडा शहर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अमेठी में 3.7, बाराबंकी और अयोध्या में 4-4, सुलतानपुर में 4.6 और अलीगढ़ में 4.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।