UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। काले बादलों की आवाजाही के बीच भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने राज्य के करीब 25 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। 3 फरवरी को पश्चिमी और पूर्वी यूपी के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने इसे देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
अगले 24 घंटे में बदलेगा तापमान का हाल
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में प्रदेश के कई जिलों में तापमान में अचानक गिरावट दर्ज की जाएगी। अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की कमी आ सकती है, जबकि न्यूनतम तापमान भी करीब 2 डिग्री तक लुढ़कने का अनुमान है। इसके बाद 4 फरवरी को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में घना कोहरा छाने की संभावना है, जिससे दृश्यता 100 से 500 मीटर तक रह सकती है।
इन जिलों में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना
मंगलवार को झांसी, ललितपुर, महोबा, हमीरपुर, बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रतापगढ़, प्रयागराज, वाराणसी, मिर्जापुर, सोनभद्र, जौनपुर, चंदौली, बलिया, मऊ और आजमगढ़ में काले बादलों के साथ गरज-चमक, बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि हो सकती है।
इन जिलों में रहेगा कोहरे का असर
वहीं गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, अंबेडकर नगर, बस्ती, संतकबीरनगर, महाराजगंज, बलरामपुर, उन्नाव, कानपुर, जालौन, औरैया, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, मैनपुरी और कन्नौज में कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में सुबह और रात के समय घना कोहरा छा सकता है।
इन जिलों में मौसम रहेगा सामान्य
मेरठ, बागपत, बिजनौर, मुरादाबाद, हापुड़, संभल, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, बहराइच और श्रावस्ती में फिलहाल मौसम सामान्य बना रहेगा।
लखनऊ और नोएडा का मौसम
राजधानी लखनऊ में मंगलवार को आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे। न्यूनतम तापमान करीब 12 डिग्री और अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। अगले 24 घंटे बाद यहां भी तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिल सकती है।
दिल्ली से सटे नोएडा में मौसम सामान्य रहेगा, हालांकि सुबह के समय हल्का कोहरा दिख सकता है। यहां न्यूनतम तापमान 10 डिग्री और अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
आगे फिर बदलेगा मौसम
बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव के मुताबिक, 5 फरवरी को एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिमी भारत को प्रभावित करेगा, जिसका असर एक बार फिर उत्तर प्रदेश के मौसम पर पड़ सकता है।
मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने तथा कोहरे के समय सावधानी से वाहन चलाने की सलाह दी है।