पटना। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद तेजस्वी यादव पहली बार पार्टी कार्यालय पहुंचे, जहां उनका जोरदार स्वागत और अभिनंदन किया गया। इस मौके पर उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए केंद्र और राज्य की राजनीति पर तीखा हमला बोला और साफ कहा कि अब अन्याय के खिलाफ चुप रहने का समय खत्म हो चुका है। तेजस्वी यादव ने कहा कि पार्टी और लालू प्रसाद यादव की विचारधारा के लिए काम करने वालों को अब हर स्तर पर मजबूती से जवाब देना होगा।
समारोह में राजद के प्रदेश अध्यक्ष मंगनीलाल मंडल, वरिष्ठ नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी, अवध बिहारी चौधरी, आलोक मेहता समेत कई बड़े नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। तेजस्वी यादव के संबोधन के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
“कोई भी गाली देगा तो चुप मत रहिए”
अपने भाषण में तेजस्वी यादव ने कहा कि राजद कार्यकर्ताओं को अब डरने या चुप रहने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा, “कोई भी गाली देगा तो चुप मत रहिए। अब आर-पार की लड़ाई लड़ी जाएगी। जैसा करोगे, वैसा भरोगे। अभी इनका समय है, लेकिन हमारा दौर भी आएगा।”
तेजस्वी ने यह भी कहा कि राजद लगातार जनता की आवाज उठाती रहेगी और अन्याय के खिलाफ संघर्ष जारी रहेगा।
“हमारी तो भ्रूण हत्या कराई जा रही थी”
तेजस्वी यादव ने अपने राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए कहा कि बहुत कम उम्र में ही उन्हें जांच एजेंसियों के मामलों का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा, “हमारी तो भ्रूण हत्या कराई जा रही थी। जब मूंछ भी नहीं आई थी, तब सीबीआई और ईडी के केस करवा दिए गए। नीतीश जी को भाजपा के साथ जाना था, लेकिन हमें हटाने का कोई मौका नहीं मिल रहा था, इसलिए मुकदमा करवा दिया गया।”
डिप्टी सीएम से नेता प्रतिपक्ष तक का सफर
तेजस्वी यादव ने कहा कि उन्हें देश का सबसे युवा डिप्टी सीएम बनने का सौभाग्य मिला, लेकिन राजनीतिक परिस्थितियों के बदलने के बाद वह नेता प्रतिपक्ष बने। उन्होंने कहा कि राजद ने उन्हें बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है और अब उनका लक्ष्य लालू प्रसाद यादव के सपनों को साकार करना है।
उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जाएगा और उनका सपना है कि आरजेडी को एक बार फिर राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा मिले।
होली के बाद बिहार दौरा, संगठन पर फोकस
तेजस्वी यादव ने ऐलान किया कि होली के बाद वह पूरे बिहार का दौरा करेंगे और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करेंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि वह केवल “अधिकारियों के मुख्यमंत्री” बनकर रह गए हैं।
तेजस्वी ने कहा, “बिहार में अगर कोई नेता है तो वह लालू प्रसाद यादव हैं। एनडीए नेताओं का काम 24 घंटे लालू प्रसाद और तेजस्वी यादव को गाली देना ही रह गया है।”
भाजपा और एजेंसियों पर सीधा वार
तेजस्वी यादव ने लालू प्रसाद यादव का आभार जताते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा भाजपा की विभाजनकारी राजनीति से देश को आगाह किया। उन्होंने कहा, “राजद न कभी भाजपा के सामने झुकेगी, न भाजपा की एजेंसियों से डरेगी और न ही कभी भाजपा के साथ समझौता करेगी।”