तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां 21 वर्षीय पार्ट-टाइम यूट्यूबर और बीएससी की छात्रा बोनू कोमाली ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। मौत से कुछ घंटे पहले उसने अपनी मां को भावुक संदेश भेजा था—“मम्मी, आई लव यू सो मच… छोटे भाई का ख्याल रखना।” यह संदेश अब इस पूरे मामले की सबसे मार्मिक कड़ी बन गया है।
किराए के फ्लैट में मिली लाश
मूल रूप से आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम की रहने वाली कोमाली पिछले करीब 11 महीनों से हैदराबाद में एक निजी कॉलेज से बीएससी की पढ़ाई कर रही थी और एक अपार्टमेंट में अकेली रहती थी। सोमवार सुबह उसने अपनी मां बी. सत्या वरलक्ष्मी, जो कुवैत में काम करती हैं, को व्हाट्सऐप पर आखिरी मैसेज भेजा। इसके कुछ समय बाद उसका फोन स्विच ऑफ हो गया।
मां ने कई बार कॉल किया, लेकिन जवाब नहीं मिला। चिंता बढ़ने पर उन्होंने हैदराबाद में रहने वाली बेटी की एक सहेली से संपर्क किया। दोपहर करीब 3 बजे जब फ्लैट का दरवाजा नहीं खुला तो पुलिस को सूचना दी गई। दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंची पुलिस ने कोमाली को सीलिंग फैन से लटका पाया। मौके पर एक छोटी सीढ़ी और साड़ी मिली। प्राथमिक जांच में इसे आत्महत्या का मामला माना जा रहा है।
सोशल मीडिया पर सक्रिय थी कोमाली
कोमाली पढ़ाई के साथ-साथ यूट्यूब पर लाइफस्टाइल और पर्सनल व्लॉग्स बनाती थी। हाल ही में उसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था, जिसमें वह तिरुमाला की पदयात्रा पर गई थी। इस वीडियो में उसने अपनी एक मन्नत पूरी करने के लिए पहाड़ी पर पैदल चढ़ाई की थी। यही वीडियो अब उसका आखिरी पोस्ट साबित हुआ।
सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने वाली इस युवा छात्रा की अचानक मौत ने उसके फॉलोअर्स और परिचितों को गहरे सदमे में डाल दिया है। कई यूजर्स ने उसके पुराने वीडियो पर भावुक टिप्पणियां की हैं।
ब्रेकअप के बाद से थी तनाव में
पुलिस सूत्रों के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आया है कि कोमाली पिछले कुछ समय से निजी जीवन को लेकर तनाव में थी। वह करीब तीन साल से एक 27 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर और साथी यूट्यूबर के साथ रिलेशनशिप में थी। बताया जा रहा है कि हाल ही में दोनों के बीच ब्रेकअप हुआ था, जिसके बाद वह मानसिक रूप से काफी परेशान थी।
यह भी जानकारी सामने आई है कि करीब छह महीने पहले उसने आत्महत्या की कोशिश की थी, हालांकि उस समय उसे बचा लिया गया था। पुलिस अब डिजिटल सबूत, कॉल डिटेल्स और चैट रिकॉर्ड्स की जांच कर रही है ताकि पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आ सके।
संदिग्ध मौत का मामला दर्ज, जांच जारी
पुलिस ने संदिग्ध मौत का मामला दर्ज कर लिया है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और किसी भी एंगल को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
कुवैत में काम कर रही मां के लिए यह खबर किसी सदमे से कम नहीं है। जिस बेटी ने कुछ घंटे पहले “आई लव यू” लिखा था, उसी की मौत की सूचना उन्हें फोन पर मिली। परिवार के करीबी लोगों का कहना है कि कोमाली पढ़ाई में अच्छी थी और सोशल मीडिया पर अपनी अलग पहचान बनाना चाहती थी।