Lucknow Darshan Bus: लखनऊ में पर्यटन को नई रफ्तार देने के उद्देश्य से 7 जनवरी से ‘लखनऊ दर्शन बस सेवा’ की शुरुआत की जा रही है। इलेक्ट्रिक डबल डेकर बस के जरिए पर्यटकों को शहर की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आधुनिक पहचान से रूबरू कराया जाएगा।
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में पर्यटन को नई रफ्तार देने के उद्देश्य से लखनऊ दर्शन बस सेवा की शुरुआत 7 जनवरी से की जा रही है। इस खास पहल के तहत पर्यटक एक ही दिन में शहर की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आधुनिक पहचान से रूबरू हो सकेंगे। मंगलवार सुबह 10 बजे पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह 1090 चौराहे से इस इलेक्ट्रिक डबल डेकर बस सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
यह बस सेवा यूपी राज्य पर्यटन विकास निगम (UPSTDC) द्वारा संचालित की जाएगी और इसका उद्देश्य लखनऊ की समृद्ध विरासत को पर्यावरण के अनुकूल तरीके से लोगों तक पहुंचाना है।
सुबह और शाम, दोनों समय मिलेगा घूमने का मौका
लखनऊ दर्शन बस सेवा को पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सुबह और शाम दो शिफ्ट में चलाया जाएगा। यात्री अपनी पसंद और समय के अनुसार टूर पैकेज का चयन कर सकेंगे।
सुबह का टूर (8:30 बजे से 11:30 बजे तक)
सुबह का सफर 1090 चौराहे से शुरू होगा। इस दौरान बस बेगम हजरत महल पार्क, ग्लोब पार्क और छतर मंजिल से गुजरते हुए ऐतिहासिक रेजीडेंसी परिसर पहुंचेगी, जहां पर्यटकों को करीब 40 मिनट का भ्रमण कराया जाएगा। इसके बाद सिब्तैनाबाद इमामबाड़ा, विधानसभा भवन का विशेष भ्रमण (40 मिनट), राजभवन, कैथेड्रिल चर्च और यूपी दर्शन पार्क (30 मिनट) शामिल हैं। यात्रा अंबेडकर पार्क और गोमती रिवर फ्रंट के खूबसूरत मार्ग से होते हुए वापस 1090 चौराहे पर समाप्त होगी।
शाम का टूर (4 बजे से 7 बजे तक)
शाम का टूर 1090 चौराहा, गोमती नगर से शुरू होगा। इस यात्रा में पर्यटक यूपी दर्शन पार्क (30 मिनट), अंबेडकर पार्क, गोमती रिवर फ्रंट, कैथेड्रिल चर्च, राजभवन और विधानसभा भवन का भ्रमण करेंगे। इसके बाद सिब्तैनाबाद इमामबाड़ा, रेजीडेंसी में आयोजित लाइट एंड साउंड शो, छतर मंजिल, ग्लोब पार्क और बेगम हजरत महल पार्क होते हुए बस जीपीओ मार्ग से फूड वैली पहुंचकर यात्रा संपन्न करेगी।
किराया, सुविधाएं और खास ऑफर
लखनऊ दर्शन बस सेवा का किराया सभी वर्गों को ध्यान में रखते हुए तय किया गया है।
- वयस्क (12 वर्ष से अधिक): ₹500 प्रति व्यक्ति
- बच्चे (5 से 12 वर्ष): ₹400 प्रति व्यक्ति
इस टूर पैकेज में रेजीडेंसी और यूपी दर्शन पार्क का प्रवेश टिकट, विधानसभा भवन में विशेष प्रवेश की सुविधा और यात्रा के दौरान हल्का जलपान भी शामिल रहेगा।
पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए 31 जनवरी तक टिकट बुकिंग पर 10 प्रतिशत की छूट भी दी जा रही है। इच्छुक यात्री UPSTDC की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन टिकट बुक कर सकते हैं।
‘सतत पर्यटन की दिशा में अहम कदम’
पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि लखनऊ दर्शन इलेक्ट्रिक डबल डेकर बस सेवा पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक शहरी पर्यटन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने बताया कि दो सफल मॉक ड्रिल के बाद अब यह सेवा आम जनता के लिए शुरू की जा रही है। इससे न सिर्फ पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि लखनऊ की ऐतिहासिक विरासत को एक नए और आकर्षक अंदाज़ में प्रस्तुत किया जा सकेगा।