दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता Rekha Gupta ने शनिवार को शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र में नागरिक सुविधाओं और बुनियादी ढांचे से जुड़े कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों का उद्घाटन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार का उद्देश्य केवल निर्माण कार्य करना नहीं है, बल्कि नागरिकों के जीवन को अधिक सुविधाजनक, सुरक्षित और गरिमापूर्ण बनाना है।
मुख्यमंत्री ने एसी ब्लॉक और एसडी (सी) क्षेत्र में सड़कों, नालियों और ड्रेनों के निर्माण एवं सुधार कार्यों का शुभारंभ किया। इन कार्यों में आरएमसी (रेडी मिक्स कंक्रीट) सड़कों का निर्माण, आरसीसी तकनीक से नालियों का निर्माण, सड़क सुदृढ़ीकरण और जल निकासी की बेहतर व्यवस्था शामिल है। इसका उद्देश्य बरसात के मौसम में जलभराव की समस्या को स्थायी रूप से समाप्त करना है।
विशेष रूप से, एसडी (सी) ब्लॉक से एलडी कोहाट मेट्रो स्टेशन तक नई नाली का निर्माण आरसीसी तकनीक से किया जाएगा, जिससे जल निकासी संबंधी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित होगा। इसके अलावा, शालीमार बाग स्थित नेहरू पार्क, अपना पार्क और सेंट्रल पार्क में वॉकवे, वॉकिंग ट्रैक, बाउंड्री वॉल और सौंदर्यीकरण कार्यों की भी शुरुआत की गई है।
मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि एसी ब्लॉक में नई सरफेस पार्किंग का निर्माण किया जाएगा, ताकि पार्किंग की समस्या से निवासियों को राहत मिल सके। ये पार्किंग और सौंदर्यीकरण परियोजनाएँ नागरिकों को सुरक्षित, सुविधाजनक और आकर्षक सार्वजनिक स्थान प्रदान करेंगी।
शालीमार बाग के एडी, एजे, एएल, एई, एएफ और एसडी (सी) ब्लॉकों में गलियों, ड्रेनों और पार्कों से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों को भी स्वीकृति दी गई है। इन कार्यों में गलियों और नालियों का पक्कीकरण, पार्कों में वॉकवे और बाउंड्री वॉल की मरम्मत, सार्वजनिक स्थलों का सौंदर्यीकरण और स्थानीय आवश्यकताओं के अनुसार आधारभूत नागरिक सुविधाओं का विस्तार शामिल है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि ये सभी परियोजनाएँ स्थायी और दीर्घकालिक विकास को ध्यान में रखते हुए शुरू की गई हैं, ताकि शालीमार बाग के निवासी एक सुविधाजनक, सुरक्षित और समृद्ध वातावरण का लाभ उठा सकें।