UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में लंबे समय से जारी कोहरे से राहत मिल गई है, लेकिन ठंड का दौर अभी भी लोगों को परेशान कर सकता है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, 9 फरवरी से पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश में हल्का मौसमीय उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।
राजधानी लखनऊ, नोएडा और प्रदेश के अन्य जिलों में रविवार को हवाओं की रफ्तार 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान लगभग 24-26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। सुबह हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है, लेकिन दिन के समय मौसम साफ रहेगा।
प्रदेश के जिलों में मौसम की स्थिति:
लखनऊ के अमौसी स्थित आंचलिक मौसम केंद्र की जानकारी के अनुसार, पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के सभी जिले फिलहाल ग्रीन जोन में हैं। मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए कोई अलर्ट जारी नहीं किया है। हालांकि तेज हवाओं के कारण कुछ जिलों में असहज मौसम का अनुभव हो सकता है।
विशेष रूप से अयोध्या, अमेठी, प्रयागराज, प्रतापगढ़, रायबरेली, वाराणसी, मिर्जापुर, आजमगढ़, सोनभद्र, चंदौली, मेरठ, कानपुर, आगरा, जौनपुर, गाज़ीपुर, मथुरा, सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद, पीलीभीत, गोरखपुर, संतकबीरनगर, रामपुर, बरेली, महराजगंज, कुशीनगर, लखीमपुर खीरी, श्रावस्ती, बहराइच, गोंडा, बलरामपुर, बस्ती और देवरिया में दिन के समय मौसम साफ रहेगा। हालांकि सुबह के समय हल्का छिछला कोहरा नजर आ सकता है।
लखनऊ और नोएडा में हवाओं का दौर:
राजधानी लखनऊ में तेज सतही हवाओं का दौर जारी रहेगा, जिससे मौसम थोड़ी अस्थिर बनेगा। रविवार को लखनऊ में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री और अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। वहीं दिल्ली से सटे नोएडा में भी हवाओं की रफ्तार 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है।
ठंड का असर अगले 2-3 हफ्तों तक:
बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी के मौसम विशेषज्ञ प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव के अनुसार, अगले 2 से 3 हफ्तों तक सुबह और शाम के समय प्रदेश के अलग-अलग जिलों में ठंड का दौर जारी रहेगा। हालांकि दोपहर के समय कुछ इलाकों में हल्की गर्मी का एहसास होगा। बीते 24 घंटे में गोरखपुर और मुजफ्फरनगर में न्यूनतम तापमान 8.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग का अनुमान है कि 9 और 10 फरवरी को भी प्रदेश के सभी जिले ग्रीन जोन में रहेंगे। तेज हवाओं का दौर अगले 24 घंटे में धीरे-धीरे कम होगा, जिससे लोगों को मौसम में स्थिरता का अनुभव होगा।
उत्तर प्रदेशवासियों के लिए फिलहाल राहत यह है कि कोहरा हट चुका है, लेकिन ठंड और तेज हवाओं का असर अभी भी महसूस किया जाएगा। लोगों को सुबह और शाम के समय पर्याप्त गर्म कपड़े पहनने की सलाह दी गई है।