UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में आज से मौसम का रुख पूरी तरह बदलने जा रहा है। बीते कुछ दिनों से सुबह से शाम तक खिली धूप लोगों को राहत दे रही थी, लेकिन अब प्रदेश के कई हिस्सों में घने काले बादल डेरा डालने वाले हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के असर से राज्य में बारिश, आंधी, मेघगर्जन, वज्रपात और ओलावृष्टि की संभावना बन रही है।
मौसम विभाग ने शुक्रवार को प्रदेश के 18 जिलों में ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही 23 जनवरी को पूरे उत्तर प्रदेश में व्यापक वर्षा के आसार जताए गए हैं। हालांकि 24 जनवरी को बारिश की तीव्रता में कुछ कमी आ सकती है, जबकि 25 जनवरी को मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इसके बाद 26 जनवरी से एक बार फिर पश्चिमी उत्तर प्रदेश से बारिश का नया दौर शुरू हो सकता है, जो 27 जनवरी तक पूर्वी यूपी तक पहुंच सकता है।
इन जिलों में ओलावृष्टि का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज और एटा में ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है। वहीं आगरा, फिरोजाबाद, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, संभल और बदायूं में भी ओले गिरने की संभावना जताई गई है।
23 जनवरी को कुछ जिलों में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं, मेघगर्जन और वज्रपात हो सकता है। ऐसे में किसानों और आम लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
तापमान में आएगी गिरावट
बारिश और बादलों के चलते प्रदेश में ठंड एक बार फिर बढ़ सकती है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 22 से 24 जनवरी के बीच न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। इसके बाद अगले 48 घंटों में तापमान में फिर इतनी ही गिरावट संभव है। हालांकि इसके बाद अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे उछाल देखने को मिल सकता है।
बीते 24 घंटों की बात करें तो उत्तर प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान मुजफ्फरनगर में 5.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है।
क्या बरतें सावधानी
मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर न रहने, बिजली के खंभों और पेड़ों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी है। किसानों को भी फसलों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की जरूरत है।