8th Pay Commission: 8वें वेतन आयोग (8th Pay Commission) को लेकर हाल के समय में बढ़ती जिज्ञासा और उम्मीद का फायदा कुछ साइबर अपराधी उठा रहे हैं। सरकारी कर्मचारियों से लेकर आम सैलरीक्लास वर्ग तक, हर कोई यह जानने के लिए उत्सुक है कि 8वें वेतन आयोग लागू होने के बाद उनकी सैलरी में कितना बढ़ोतरी होगी। इसी उत्सुकता का फायदा उठाकर ऑनलाइन फ्रॉडस्टर्स (Cyber Fraudsters) एक नया स्कैम चला रहे हैं, जिसमें लोग अपने मोबाइल और बैंक अकाउंट की सुरक्षा से हाथ धो बैठ सकते हैं।
साइबर अपराधियों द्वारा चलाए जा रहे इस स्कैम का तरीका बेहद चालाक है। WhatsApp, SMS या सोशल मीडिया के माध्यम से फर्जी सैलरी कैलकुलेटर लिंक शेयर किए जा रहे हैं। इन लिंक पर क्लिक करने या APK फाइल डाउनलोड करने के साथ ही यूजर्स के मोबाइल पर अपराधियों का पूरा नियंत्रण हो जाता है। इसके जरिए उनका निजी डेटा, बैंकिंग जानकारी और अन्य संवेदनशील जानकारी आसानी से चुराई जा सकती है।
स्कैम का तरीका
साइबर फ्रॉडस्टर्स दावा करते हैं कि उनके लिंक या ऐप के माध्यम से आप अपनी सैलरी में 8वें वेतन आयोग के लागू होने के बाद की वृद्धि का अनुमान लगा सकते हैं।
- अक्सर WhatsApp या सोशल मीडिया मैसेज के साथ APK फाइल डाउनलोड करने को कहा जाता है।
- APK फाइल इंस्टॉल होते ही मोबाइल का पूरा एक्सेस साइबर अपराधी को मिल जाता है।
- कभी-कभी यूजर्स से नाम, मोबाइल नंबर, आधार या बैंकिंग डिटेल्स भरने को कहा जाता है।
- जैसे ही यूजर्स यह जानकारी साझा करते हैं, अपराधी इसे गलत तरीके से इस्तेमाल कर सकते हैं और आपके बैंक अकाउंट को भी निशाना बना सकते हैं।
सरकार और साइबर सुरक्षा एजेंसियों ने यूजर्स को इस तरह के मैसेज से सतर्क रहने की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा है कि यह एक गंभीर अपराध है, जो आपकी व्यक्तिगत जानकारी और बैंक अकाउंट की सुरक्षा को खतरे में डाल सकता है।
गलती से लिंक क्लिक हो जाए तो क्या करें
अगर गलती से आपने ऐसा लिंक क्लिक कर दिया है या APK फाइल डाउनलोड कर ली है, तो घबराने की बजाय तुरंत कार्रवाई करें:
- अपने बैंक को तुरंत सूचित करें और नेटबैंकिंग तथा डेबिट/क्रेडिट कार्ड को ब्लॉक करवा दें।
- नेशनल साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें और जानकारी दें।
- नेशनल साइबर क्राइम पोर्टल cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।
- अपने बैंकिंग और मोबाइल पासवर्ड, सिक्योरिटी फीचर्स तुरंत बदल दें।
विशेषज्ञों का कहना है कि 8वें वेतन आयोग के नाम पर आने वाले किसी भी लिंक या मैसेज पर बिना पुष्टि किए क्लिक न करें। हमेशा सरकारी वेबसाइट या भरोसेमंद स्रोतों से ही जानकारी प्राप्त करें।
साइबर सुरक्षा के लिहाज से, यह बेहद महत्वपूर्ण है कि लोग ऐसे फ्रॉड स्कैम से सतर्क रहें और अपने डेटा की सुरक्षा स्वयं सुनिश्चित करें।