UP Weather: लखनऊ। उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड और शीतलहर के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर प्रदेशभर में कक्षा 12वीं तक के सभी सरकारी और निजी स्कूलों को 1 जनवरी तक बंद रखने का आदेश जारी किया गया है। यह निर्णय सीबीएसई, आईसीएसई और यूपी बोर्ड सहित सभी बोर्डों पर समान रूप से लागू होगा।
बीते कुछ दिनों से प्रदेश के कई जिलों में न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। सुबह और रात के समय घना कोहरा छाए रहने से जनजीवन प्रभावित है। ऐसे में बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सरकार ने एहतियातन यह कदम उठाया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शीतलहर से प्रभावित इलाकों में राहत कार्यों की सतत निगरानी की जाए। उन्होंने कहा कि बच्चों, बुजुर्गों और जरूरतमंदों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी के तहत रैन बसेरों में कंबल, अलाव, गर्म पानी और साफ-सफाई जैसी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के आदेश भी दिए गए हैं।
प्रशासन को यह भी निर्देश दिया गया है कि स्कूल बंदी के आदेश का सख्ती से पालन कराया जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आने पर संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ सकती है, ऐसे में सरकार हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है। स्कूलों की दोबारा शुरुआत को लेकर अगला निर्णय मौसम की स्थिति की समीक्षा के बाद लिया जाएगा। फिलहाल, अभिभावकों और छात्रों को ठंड से बचाव के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।